उत्तराखंड में भाजपा ने 20 लाख सदस्यता का लक्ष्य किया पार, बने 20,17,397 नए सदस्य

उत्तराखंड में भाजपा ने 20 लाख सदस्यता का लक्ष्य किया पार, बने 20,17,397 नए सदस्य


उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने संगठन पर्व अभियान के तहत 20,17,397 नए सदस्यों का नामांकन कर राज्य को शीर्ष छह राज्यों में शामिल कर लिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रविवार को देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह रिकॉर्ड उपलब्धि 2 से 25 सितंबर तक चलने वाले पहले चरण और 16 से 31 अक्टूबर तक चल रहे दूसरे चरण के तहत हासिल की गई है। 


भट्ट ने बताया कि पार्टी ने 20 लाख सदस्यों के केंद्रीय लक्ष्य को पार कर लिया है, जिसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के हर वर्ग से सदस्य जुड़े हैं। इसमें गृहणियों से लेकर कामकाजी महिलाएं, मजदूर, व्यापारी, किसान, सैनिक और समाज के हर वर्ग के लोग शामिल हैं। उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, पौड़ी, देहरादून, हरिद्वार, चमोली, पिथौरागढ़ और टिहरी जैसे जिलों ने अपने सदस्यता लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया। 


इसके अतिरिक्त, 10 विधानसभा क्षेत्रों ने लोकसभा चुनावों में मिले वोटों की तुलना में अधिक सदस्य बनाए हैं। इनमें अल्मोड़ा, टिहरी, देहरादून कैंट, पुरोला, श्रीनगर, यमुनोत्री, गंगोत्री, हल्द्वानी, हरिद्वार और डीडीहाट शामिल हैं। वहीं, 23 विधानसभा क्षेत्रों ने 100 प्रतिशत सदस्यता लक्ष्य प्राप्त किया, जबकि अन्य 44 क्षेत्रों ने 50 से 100 प्रतिशत के बीच का लक्ष्य पूरा किया।


महेंद्र भट्ट ने बताया कि सदस्यता अभियान में खास योगदान देने वालों में अल्पसंख्यक समुदाय के खतीब अहमद, अनुसूचित जाति वर्ग से उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल और अन्य पिछड़ा वर्ग से मुनेश कुमार प्रमुख रहे। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने 16,152 सदस्यों का नामांकन कर राज्य में व्यक्तिगत रूप से सबसे अधिक सदस्य जोड़े। 


भट्ट ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को समर्थन देने वाले 74 प्रतिशत मतदाता अब पार्टी के सदस्य बन चुके हैं। नए सदस्यों में 75 प्रतिशत पुरुष, 24.85 प्रतिशत महिलाएं और 0.15 प्रतिशत अन्य वर्ग से हैं। 


सामाजिक संरचना के अनुसार, 63.8 प्रतिशत सदस्य सामान्य वर्ग से, 24.5 प्रतिशत ओबीसी, 8.7 प्रतिशत अनुसूचित जाति और तीन प्रतिशत अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े हैं। सदस्यों में 58 प्रतिशत युवा, 39 प्रतिशत मध्यम आयु वर्ग और तीन प्रतिशत वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं।



और नया पुराने

Technology