Site icon Uttarakhand Trending

बीएसएफ की महिला राफ्टिंग टीम ने देवप्रयाग से गंगासागर के लिए की ऐतिहासिक यात्रा शुरू

BSF women rafting team starts historic journey from Devprayag to Gangasagar

देवप्रयाग, 2 नवंबर 2024 — स्वच्छ गंगा, अविरल गंगा और महिला सशक्तिकरण का संदेश लेकर आज बीएसएफ और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की महिला राफ्टिंग टीम ने देवप्रयाग संगम से गंगासागर के साहसिक यात्रा का शुभारंभ किया। बीएसएफ के महानिरीक्षक राजा बाबू सिंह ने हरी झंडी दिखाकर इस अभियान को रवाना किया, जिसमें 20 महिला जवानों की टीम शामिल है। 2500 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में राफ्टिंग दल देवप्रयाग से पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर तक की दूरी 53 दिनों में तय करेगा, जिसका समापन 24 दिसंबर को होगा।

बीएसएफ के आईजी राजा बाबू सिंह ने इस मौके पर कहा कि यह भारत की पहली महिला टीम है, जो इस तरह के साहसिक अभियान में शामिल हो रही है। उन्होंने इस अभियान को महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बताते हुए कहा कि बीएसएफ की इन महिला जवानों ने छह हफ्तों का विशेष प्रशिक्षण लिया है, ताकि इस चुनौतीपूर्ण यात्रा को सफलतापूर्वक अंजाम दिया जा सके। सिंह ने गंगा को भारत की पवित्र नदी बताते हुए इसे स्वच्छ और अविरल बनाए रखने का संकल्प भी दोहराया।

[News : चम्बा महोत्सव 2024 : चम्बा वालों हो जाओ तैयार 4 से 10 नवंबर तक लगेगा मेला, आएंगे कई कलाकार]

इस अभियान के दौरान दो राफ्टों में यात्रा कर रही टीम 43 गंगा तट के नगरों में स्वच्छ गंगा और अविरल गंगा का संदेश नई पीढ़ी को पहुंचाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से बीएसएफ के द्वितीय कमान अधिकारी मनोज सुंदरियाल के नेतृत्व में एक अतिरिक्त टीम भी साथ चल रही है।

अभियान की शुरुआत पर देवप्रयाग स्थित श्री रघुनाथ परिसर के छात्रों ने स्वस्ति वाचन कर इसे शुभकामनाएं दीं। बीएसएफ की इस ऐतिहासिक राफ्टिंग यात्रा का उद्देश्य न केवल गंगा की स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना है, बल्कि महिला सशक्तिकरण के संदेश को भी पूरे देश में फैलाना है।

 

 


अगर आपको Uttarakhand News से सम्बंधित यह पोस्ट अच्छी  लगी हो तो इसे शेयर करें साथ ही हमारे Facebook Twitter Instagram व | Youtubeको भी सब्सक्राइब करें।

Exit mobile version